यूपी कैडर की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से अलग होने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा सौंपा था। उन्होंने इसके पीछे व्यक्तिगत कारणों के अलावा परिवार को प्राथमिकता देने और जीवन में आगे कुछ नया करने की इच्छा का जिक्र किया था।

इस्तीफा देने से कुछ महीने पहले ही उनकी तैनाती में बदलाव किया गया था। मई में उन्हें देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था।
केंद्र से इस्तीफा मंजूर होने के बाद दिव्या मित्तल ने सोमवार रात करीब 11 बजे X के जरिए इसकी जानकारी साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने अपने अगले सफर की ओर इशारा करते हुए कवि जयशंकर प्रसाद जी की पंक्ति लिखी—
“प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो।”






