उत्तर प्रदेश में आज 11 विधान परिषद (MLC) सीटों के नतीजे सामने आ रहे हैं। इन नतीजों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। एक तरफ बीजेपी का ‘मिशन 2027’ है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी का ‘PDA’। ऐसे में यह चुनाव दोनों दलों की जमीनी पकड़, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की तैयारियों का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है।
यूपी की जिन 11 MLC सीटों के नतीजे आ रहे हैं, उनमें 5 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। क्षेत्रवार स्थिति देखें तो पश्चिमी यूपी की 5 सीटें, लखनऊ क्षेत्र की 2 सीटें, बुंदेलखंड की 1 सीट और पूर्वांचल की 3 सीटें शामिल हैं। इन सभी सीटों पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर है।
लखनऊ में BJP और SP के बीच मुकाबला:
लखनऊ स्नातक सीट पर बीजेपी के अवनीश कुमार सिंह और समाजवादी पार्टी की कांति सिंह आमने-सामने हैं। वहीं, लखनऊ शिक्षक सीट पर बीजेपी के उमेश द्विवेदी का मुकाबला समाजवादी पार्टी के सुशील कुमार पटेल से है।
मेरठ में भी दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला:
मेरठ स्नातक सीट पर बीजेपी के दिनेश गोयल और समाजवादी पार्टी के प्रमेंद्र सिंह भाटी के बीच मुकाबला है। वहीं, मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी के श्रीचंद शर्मा के सामने समाजवादी पार्टी के नितिन कुमार तोमर मैदान में हैं।
गोरखपुर में मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा कड़ी:
गोरखपुर में MLC चुनाव की मतगणना से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। मतगणना केंद्र के आसपास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब इन 11 सीटों के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ये परिणाम बीजेपी और समाजवादी पार्टी की राजनीतिक ताकत, संगठनात्मक तैयारी और जमीनी पकड़ को लेकर अहम संकेत दे सकते हैं।

















































