बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज की प्रसिद्ध ऐतिहासिक रामलीला का आज बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन के साथ भव्य आयोजन संपन्न हुआ। रावण के विशाल पुतले में जैसे ही आग लगाई गई, पूरा रामलीला मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जल उठे।

इस दृश्य को देखकर लोगों में हर्ष और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मेले में लगे आकर्षक झूले और चाट-पकौड़ी की दुकानें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाएं नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल एवं रामलीला समिति द्वारा बेहद सुव्यवस्थित तरीके से की गई थीं।

कार्यक्रम के दौरान ठाकुरद्वारा मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की मनोहारी झांकी गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। यह झांकी रेलवे स्टेशन रोड, मुख्य चौराहा, वार्ड नंबर 7 और धानी मोड़ होते हुए रामलीला पार्क (मेला ग्राउंड) पहुंची। रास्ते में हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर झांकी का भव्य स्वागत किया।

रामलीला पार्क में लक्ष्मण और मेघनाद के बीच युद्ध की लीला का मंचन किया गया। इसके बाद देर शाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम द्वारा रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा और आतिशबाजी से आसमान रोशन हो गया। रावण दहन के माध्यम से लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद:
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। फरेंदा क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीप शिखा वर्मा ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है, ताकि मेले में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, रूप नारायण जायसवाल, सोनू मिश्रा, सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, अनूप चौरसिया, राजन चौरसिया, बुद्धिराम, विनोद त्रिपाठी, राजू जायसवाल, नगर पंचायत के समस्त कर्मचारी, सफाईकर्मी सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
समिति की ओर से बताया गया कि कल भरत मिलाप की भावुक लीला का मंचन किया जाएगा, जिसके साथ ही इस वर्ष की रामलीला का विधिवत समापन होगा।
















































