टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह महामुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसी को देखते हुए रेलवे ने मैच देखने जाने वाले क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। बढ़ते हुए हवाई जहाज के टिकटों के दाम और उनकी सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है, जिससे फैंस को अहमदाबाद पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।
इस स्पेशल ट्रेन की टाइम टेबल के अनुसार ट्रेन नई दिल्ली से 7 मार्च की रात 11:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर होते हुए साबरमती पहुंचेगी। ट्रेन 8 मार्च को दोपहर 2:30 बजे साबरमती (अहमदाबाद) स्टेशन पर पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का नंबर 04062 है और इसमें कुल 19 कोच लगाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में थर्ड एसी और सेकंड एसी के कोच उपलब्ध कराए गए हैं। यह विशेष ट्रेन सेवा उन हजारों क्रिकेट फैंस के लिए शुरू की गई है जो टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला देखने अहमदाबाद जाना चाहते हैं।






