बृजमनगंज (महराजगंज) | थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेहड़ा में पंचायत भवन और आरओ प्लांट में चोरी व तोड़फोड़ की लगातार घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम प्रधान प्रशासक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की ओर से थाने में दिए गए प्रार्थना पत्रों में अलग-अलग घटनाओं का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।


प्रार्थना पत्र के अनुसार 19 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे पंचायत भवन परिसर में लगे आरओ प्लांट का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। ताला नहीं टूटने पर कथित रूप से हैंडपंप का ढक्कन तोड़कर चोरी कर लिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है
वहीं, दूसरे प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 21 अगस्त 2026 को अज्ञात लोगों ने आरओ प्लांट के शौचालय एवं मोटर पंप कक्ष का दरवाजा तोड़कर मोटर, हैंडपंप, पानी की टंकी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत में इससे पहले भी पंचायत क्षेत्र में तीन हैंडपंप, प्लास्टिक के सामान, पर्दे, तीन स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा, आंगनबाड़ी का गेट तथा दो दरवाजे चोरी अथवा क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाया गया है
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो इससे चोरों के हौसले बढ़ सकते हैं। लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज यादव ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है।




