बृजमनगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के गोलसागर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, महिला को बचाने पहुंची 10 साल की बच्ची भी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची का इलाज सीएचसी बृजमनगंज में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गोलसागर गांव की रहने वाली पूजा (32) पत्नी राम सहाय अपने घर में टांड से रस्सी उतार रही थीं। इसी दौरान पास में रखी लोहे की दरांती फिसलकर नीचे गिर गई और पास से गुजर रहे बिजली के तार से सट गई। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। पूजा ने जैसे ही दरांती हटाने के लिए हाथ बढ़ाया, वह करंट की चपेट में आ गईं और जमीन पर गिर पड़ीं।
पूजा को करंट की चपेट में आया देखकर परिवार के लोग उन्हें उठाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। इसी दौरान पूजा की जेठ की 10 वर्षीय बेटी नेहा भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली की सप्लाई बंद कराई और पूजा व घायल बच्ची को बाहर निकाला।
परिजन तत्काल पूजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बृजमनगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बच्ची नेहा का सीएचसी बृजमनगंज में इलाज चल रहा है। बताया गया कि मृतका पूजा के पति राम सहाय मुंबई में काम करते हैं। पूजा के दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




