भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के नव-नियुक्त राज्य प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे। लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बताया जा रहा है कि रविवार (6 सितंबर) को भी बैठकों का दौर जारी रहेगा।
बैठक के दौरान विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के PDA पर निशाना साधते हुए कहा, ‘PDA का मतलब पराया धन अपना’, विनोद तावड़े ने आगे कहा, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी विश्व का सबसे बड़ा दल बना है, वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी के विकास की रफ्तार को बढ़ाने वाले हैं, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी की रणनीति को लेकर स्थिति साफ की।
उन्होंने कहा कि यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देशन में आने वाला विधानसभा चुनाव एनडीए के कार्यकर्ता ताकत से लड़कर जीतेंगे। इसके साथ ही फिर से अगले 5 साल यूपी की जनता के लिए अपने आप को समर्पित करेंगे। विनोद तावड़े ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि सपा के PDA को बीजेपी नाकामयाब करेगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी सियासी बिसात बिछाने में जुटे हैं। इसी क्रम में यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।





