उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनाने का सपना अखिलेश यादव का सिर्फ सपना ही रह जाएगा। जनता मन बना चुकी है और उत्तर प्रदेश में तीसरी बार योगी सरकार बनने जा रही है।
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव समेत पूरे विपक्ष पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। वहीं, बसपा नेता और मायावती के भतीजे आकाश आनंद को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यदि कोई मोदी और योगी की विचारधारा से जुड़कर काम करना चाहता है तो हम उनका स्वागत करते हैं। हमारी सदस्यता भी ऑनलाइन है।
भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा गठबंधन के साथियों को साथ लेकर चलना नहीं जानती है। उनकी बिरादरी और उनकी जाति के लोग ही उनके साथ रह सकते हैं, जिनका कोई भविष्य नहीं है।





