मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्ष के लगातार आरोपों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी ज्ञानेश कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसी बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तंज भरे अंदाज में एक पोस्ट साझा कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
निशिकांत दुबे ने ज्ञानेश कुमार का बचाव करते हुए उन्हें ‘बाबा ज्ञानेश्वरानंद’ की उपाधि देने की बात कही। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा कि बाबा ज्ञानेश्वरानंद इतने अंतर्यामी हैं कि उन्होंने 13.5 करोड़ लोगों की आत्मा में प्रवेश करके यह तक पता लगा लिया कि कौन बीजेपी का असली वोटर है और कौन नहीं।
एक ओर कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष और दूसरी ओर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ज्ञानेश कुमार को निशाने पर ले रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के जरिए जानबूझकर लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई।
इस मामले में INDIA गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि विवादित फैसले ज्ञानेश कुमार ने लिए, जबकि बाकी दोनों चुनाव आयुक्त उनसे सहमत नहीं थे। इसी याचिका के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ दोनों अन्य चुनाव आयुक्तों से भी जवाब मांगा है।


















































