बृजमनगंज, महराजगंज। लगातार हो रही बारिश के चलते बृजमनगंज के रामलीला मैदान स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कार्यालय परिसर के चारों ओर पानी जमा होने से कर्मचारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होते ही पानी जमा हो जाता है। निकासी की व्यवस्था न होने से कई बार कार्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र चारों ओर से पानी से घिर जाते हैं, जिससे विभागीय कार्य भी प्रभावित होते हैं।
लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी पहल नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराकर इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
















































