महराजगंज में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। जनपद की 41 चिकित्सा इकाइयों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे इस मेले में कुल 2127 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया।

आरोग्य मेला
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अनुसार, उपचार पाने वालों में 808 पुरुष, 966 महिलाएं और 353 बच्चे शामिल रहे। मेले में आए मरीजों की विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श और आवश्यक दवाओं की सुविधा दी गई, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मौके पर ही परीक्षण कर मरीजों का मार्गदर्शन किया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 250 गोल्डेन कार्ड बनाए गए, जिनसे लाभार्थियों को भविष्य में निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही, लोगों को संचारी रोगों से बचाव और मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक भी किया गया।
डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला जनता को नजदीकी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का बेहतरीन माध्यम है। मेले के सफल आयोजन में स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों और प्रशासन की अहम भूमिका रही।







