महराजगंज: कैम्पिरगंज थाना क्षेत्र के धानी मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय अभी गौड़ की मौत हो गई। अभी, ग्राम सभा कहरौली निवासी उमेश गौड़ के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, धानी ढाला से तीन किलोमीटर दूर धान के खेत में कटाई चल रही थी। इसी दौरान धान काट रही कंबाइन मशीन अचानक नियंत्रण खो बैठी और अभी गौड़ मशीन की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेन्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंपियरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कंबाइन मशीन का नियंत्रण कैसे खो गया और कहीं किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई।





