दिल्ली के इतिहास और सनातन परंपरा से जुड़े एक अहम मुद्दे को उठाते हुए बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राजधानी का नाम बदलने की मांग की है।
सांसद खंडेलवाल ने कहा कि उन्होंने आज गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर सुझाव दिया है कि दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ रखा जाना चाहिए, क्योंकि दिल्ली का इतिहास सीधे पांडव काल से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, जब भी दिल्ली के इतिहास की चर्चा होती है, तो वह पौराणिक नगरी इंद्रप्रस्थ की याद दिलाती है। यह नाम भारत की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक गौरव को दर्शाता है।
इसके साथ ही सांसद ने आग्रह किया है कि दिल्ली में किसी प्रमुख स्थल पर पांचों पांडवों की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपने इतिहास से जुड़ सकें, खंडेलवाल ने यह भी सुझाव दिया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ जंक्शन’ रखा जाए और दिल्ली हवाई अड्डे का नाम ‘इंद्रप्रस्थ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा’ किया जाए।
उनका मानना है कि इस बदलाव से न केवल दिल्ली की पहचान उसके ऐतिहासिक और धार्मिक मूल से जुड़ जाएगी, बल्कि देश की राजधानी की सांस्कृतिक विरासत को भी नई ऊंचाई मिलेगी।





