जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रचंड ठंड के बावजूद सोमवार को जनसेवा का अनुष्ठान जारी रखा, प्रतिकूल मौसम में भी उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन का आयोजन किया और दूर-दराज से आए लोगों से मुलाकात की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आत्मीयता के साथ संवाद किया, उन्होंने समस्या लेकर आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा, सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दबंग या माफिया किसी की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहा है तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए, गरीबों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए, उन्होंने यह भी कहा कि जहां भूमि विवाद में पैमाइश की आवश्यकता हो, वहां तत्काल पैमाइश कराकर विवाद का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।







