लखनऊ/संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के उन बच्चों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जो कभी सड़कों पर भीख मांगने को मजबूर थे। प्रशासन और सामाजिक संगठनों की संयुक्त पहल से अब ऐसे करीब 30 बच्चे 26 जनवरी को लखनऊ में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन बच्चों को पहले भीख मांगने की प्रवृत्ति से बाहर निकालकर सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाया गया, साथ ही उन्हें मार्चिंग बैंड का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। कड़ी मेहनत और अनुशासन के बाद अब ये बच्चे गणतंत्र दिवस परेड में मार्चिंग बैंड टुकड़ी के रूप में प्रदर्शन करेंगे।
बताया गया है कि यह परेड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल बच्चों को सम्मान, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह योजना सरकार की उस सोच को दर्शाती है, जिसके तहत भीख मांगने वाले बच्चों को शिक्षा और मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
















































