विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय ने नीवा फाउंडेशन के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों के तहत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ईआईएसीपी और इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्डलाइफ साइंसेज (आईडब्ल्यूएस) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के गेट संख्या-3 से ईआईएसीपी-आईडब्ल्यूएस की समन्वयक, प्राणी विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं डीन छात्र कल्याण प्रो. अमिता कनौजिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली गेट संख्या-3 से प्रारंभ होकर राजभवन तक पहुंची और वहां से वापस विश्वविद्यालय परिसर लौटी।साइकिल रैली में लगभग 120 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इनमें प्रोफेसर, शोधार्थी, विद्यार्थी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, एम्बुलेंस कर्मी तथा पर्यावरण प्रेमी शामिल रहे। रैली का मुख्य उद्देश्य साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना, ईंधन की बचत करना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को जलपान एवं अल्पाहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ईआईएसीपी के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अंतर्गत आगामी कार्यक्रम के रूप में विश्वविद्यालय के पुराने परिसर स्थित सभी छात्रावासों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक छात्रावास में चंदन, सावनी और रुद्राक्ष के तीन पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परिसर में हरियाली बढ़े और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को और मजबूती मिले।
पर्यावरण सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अब तक 500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली को अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।






