Special TET: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उन शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है, जो अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET पास नहीं कर सके हैं। प्रदेश सरकार ने कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष पात्र अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) कराने की योजना को मंजूरी दे दी है। सरकार ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को प्राथमिकता के आधार पर विशेष TET का विज्ञापन जारी करने और परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे में लंबे समय से विशेष TET का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए अब परीक्षा का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। इस विशेष परीक्षा में प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले से कार्यरत वे शिक्षक शामिल हो सकेंगे, जो अभी तक TET की अनिवार्य योग्यता पूरी नहीं कर पाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी थी विशेष TET की मांग: दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 1 सितंबर 2025 को अपने आदेश में कार्यरत शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य कर दिया था। शिक्षकों को यह योग्यता हासिल करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के बाद प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों के बीच विशेष TET कराने की मांग लगातार उठ रही थी। आदेश के बाद प्रदेश में करीब 1,42,818 कार्यरत शिक्षक TET की अनिवार्यता के दायरे में आए थे।
वहीं, हाल ही में आयोजित TET में भी हजारों कार्यरत शिक्षक परीक्षा पास नहीं कर सके। ऐसे शिक्षकों के लिए अब विशेष TET एक अहम मौका साबित हो सकती है, क्योंकि उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर TET की अनिवार्य योग्यता हासिल करनी होगी।
शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा Special TET: बेसिक एवं माध्यमिक विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को विशेष TET का विज्ञापन जल्द जारी करने और परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।विशेष TET के दायरे में बेसिक शिक्षा परिषद, स्थानीय निकाय और राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक आएंगे। यह परीक्षा खास तौर पर पहले से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को ध्यान में रखकर आयोजित की जाएगी।
सामान्य TET जहां शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के लिए होती है, वहीं Special TET का उद्देश्य पहले से स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को TET की अनिवार्य योग्यता हासिल करने का अवसर देना है। यानी लंबे समय से विशेष TET का इंतजार कर रहे कार्यरत शिक्षकों के लिए अब सरकार के फैसले के बाद एक नया रास्ता खुल गया है।






