हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हुईं सावित्री देवी: हरिद्वार के चंडी घाट पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए। सीएम के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान योगी ने मां की चिता की परिक्रमा कर सिर झुकाकर उन्हें अंतिम प्रणाम किया।

मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए
मां की अंतिम यात्रा के दौरान योगी आदित्यनाथ अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने पैतृक गांव पंचूर स्थित घर से मां की अर्थी को कंधा दिया और एंबुलेंस तक पहुंचाया।

मां की अंतिम यात्रा के दौरान योगी आदित्यनाथ
हरिद्वार के चंडी घाट पर भी उन्होंने अर्थी को कंधा दिया। इस दौरान वे बार-बार रुमाल से अपने आंसू पोंछते नजर आए। योगी अपनी मां के पार्थिव शरीर के साथ ही पौड़ी स्थित पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंचे थे। सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री संजय निषाद समेत 50 से अधिक वीआईपी मौजूद रहे।
वहीं, बाबा रामदेव और चिदानंद सहित 13 अखाड़ों के आचार्य एवं महंतों ने मंत्रोच्चार के साथ अंतिम संस्कार की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई। इस भावुक पल की एक तस्वीर योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भी साझा की। तस्वीर में वे मां की अर्थी को कंधा देते नजर आ रहे हैं।
इसके साथ उन्होंने महाभारत का एक श्लोक लिखा, जिसका भावार्थ है— मां के समान कोई छाया नहीं, मां के समान कोई आश्रय नहीं, मां के समान कोई प्रेम नहीं, मां के समान कोई सुरक्षा नहीं और मां के समान इस संसार में कोई जीवनदाता नहीं। मां को कंधा देते एक बेटे की यह तस्वीर उस रिश्ते की गहराई बयां कर रही है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)















































