लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में चाय के भुगतान को लेकर बलिया निवासी बिल्डर उपेंद्र सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी शेखर कौशल को लखनऊ और वाराणसी एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वाराणसी के शिवपुर स्थित बड़ालालपुर के होटल प्रवेश में अपनी महिला मित्र के साथ ठहरा हुआ था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने होटल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने लोहे के गेट को ग्राइंडर कटर से काटकर उसे गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी का हाथ भी हल्का कट गया। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। खास बात यह है कि आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गिरफ्तारी का वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में वह एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताते हुए डरा हुआ नजर आ रहा है। उपचार के बाद लखनऊ एसओजी की टीम उसे अपने साथ लेकर रवाना हो रही है।
होटल के वाईफाई से मोबाइल कनेक्ट होते ही मिली लोकेशन:
एसओजी प्रभारी गौरव सिंह के मुताबिक, आरोपी का मोबाइल होटल के वाईफाई से कनेक्ट होते ही पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
16 नवंबर को हुई थी बिल्डर पर फायरिंग
गोमतीनगर विस्तार थाना प्रभारी गौरव बाजपेयी ने बताया कि फायरिंग की घटना 16 नवंबर की शाम करीब पांच बजे ग्रीनवुड अपार्टमेंट के पास हुई थी। उपेंद्र सिंह अपने दोस्त अमित के साथ चाय पीने पहुंचे थे। इसी दौरान भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद एसयूवी सवार चार लोगों ने उपेंद्र सिंह पर पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग की। उपेंद्र ने छिपकर अपनी जान बचाई थी।
इस मामले में महोबा निवासी कुंवर सूर्यदेव सिंह उर्फ शिवा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
News by: Mayank Yadav (Reporter)
















































