बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षक समुदाय और आम जनता ने लोकसभा सांसद, महराजगंज को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 15131/15132 (नेपालगंज रोड–वाराणसी सिटी एक्सप्रेस) का बृजमनगंज स्टेशन पर पुनः ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।


शिक्षक समुदाय ने नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल के माध्यम से महराजगंज सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को इस समस्या से अवगत कराया। पत्र में बताया गया कि यह ट्रेन बृजमनगंज क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है। इसके माध्यम से क्षेत्रवासी गोरखपुर, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सारनाथ एवं वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक सीधा आवागमन करते रहे हैं।
पूर्व में बृजमनगंज स्टेशन पर इस ट्रेन का नियमित ठहराव होता था, जिससे हजारों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलती थी। वर्तमान में ठहराव बंद होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अन्य दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे समय, धन और श्रम की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।
शिक्षक समुदाय के लिए बढ़ी परेशानी:
दूरस्थ विद्यालयों में आने-जाने वाले शिक्षकों को उचित परिवहन सुविधा के अभाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा छात्र, शोधार्थी, मरीज, बुजुर्ग और दैनिक यात्री भी ट्रेन के ठहराव बंद होने से प्रभावित हो रहे हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बृजमनगंज क्षेत्र से वाराणसी और गाजीपुर जैसे शहरों के लिए सीधी वैकल्पिक बस या रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण इस ट्रेन का महत्व और बढ़ जाता है।
धार्मिक यात्राओं के लिए भी जरूरी रेल सेवा:
वाराणसी (काशी) के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए क्षेत्रवासियों के लिए इस ट्रेन का ठहराव बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है। क्षेत्र के लोग परिजनों के देहावसान के बाद अंतिम संस्कार एवं अस्थि विसर्जन जैसे धार्मिक कार्यों के लिए वाराणसी जाते हैं। ऐसे संवेदनशील अवसरों पर सीधी रेल सुविधा का अभाव परिवारों के लिए अतिरिक्त कठिनाई का कारण बनता है।
शिक्षक समुदाय एवं क्षेत्रवासियों ने सांसद से जनहित में हस्तक्षेप करते हुए रेल मंत्रालय से वार्ता कर ट्रेन संख्या 15131/15132 का बृजमनगंज स्टेशन पर ठहराव पुनः बहाल कराने की मांग की है।
इस दौरान शिक्षक एवं शिक्षिकाओं में प्रीती विश्वकर्मा (प्रा. वि. बेला), दिव्या सिंह (प्रा. वि. मोहननगर), प्रिया सिंह, मनोज कुमार जायसवाल, रितेश (राजकीय इंटर कॉलेज सहजनवा बाबू), राजीव पाण्डे, भरतलाल, सरफराज, रिंकी वर्मा (आंगनबाड़ी), आरती दूबे, श्वेता शुक्ला, सरिता यादव और सुभाष यादव सहित अनेक शिक्षकों ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान सभासद दिलीप गुप्ता, जेपी गौड और राजन चौरसिया भी मौजूद रहे।




