आईसीसी ने टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज़ों की ताज़ा रैंकिंग एक बार फिर अपडेट कर दी है। हालांकि पिछले सप्ताह कोई भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला गया, इसलिए रैंकिंग में बहुत बड़े बदलाव देखने को नहीं मिले। फिर भी सबसे दिलचस्प बात यह है कि भारत के दो स्टार बल्लेबाज़ों के बीच नंबर-1 की कुर्सी को लेकर जबरदस्त जंग छिड़ी हुई है।
जी हां, भारत के अभिषेक शर्मा अभी भी पहले नंबर की कुर्सी पर मजबूती से काबिज हैं। एक समय ऐसा था जब वे बाकी बल्लेबाज़ों से काफी आगे निकल गए थे, लेकिन अब उनकी बादशाहत को ईशान किशन से कड़ी चुनौती मिलती दिख रही है। साल 2025 में 931 की शानदार रेटिंग तक पहुंचने वाले अभिषेक की मौजूदा रेटिंग 875 है। फिलहाल उनके पास जल्द कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं है, ऐसे में उनकी यह बढ़त बनी रह सकती है।
वहीं दूसरी ओर, ईशान किशन ने इस रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है। भारत के लिए खेलते हुए उन्होंने आईसीसी टी20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उनकी रेटिंग 871 है, यानी वे नंबर-1 से सिर्फ 4 अंक दूर हैं।
ऐसे में साफ है कि वे जल्द ही टॉप पोजिशन के सबसे बड़े दावेदार बन चुके हैं। हालांकि मई तक भारत का कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं है, इसलिए फिलहाल उन्हें दूसरे स्थान से ही संतोष करना होगा। लेकिन जैसे ही वे दोबारा मैदान में उतरेंगे, नंबर-1 की इस टक्कर का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।


















































