मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यूपी आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने निगम के लोगो का भी अनावरण किया और आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक वितरित किए। निगम के संचालन की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के करीब 3.5 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी में 7 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हर आउटसोर्स कर्मचारी को उसकी मेहनत के अनुसार पूरा मानदेय मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले कर्मचारियों को यह तक स्पष्ट नहीं होता था कि उनके नाम पर कितना मानदेय तय है और उन्हें वास्तव में कितना पैसा मिल रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले जब कर्मचारियों से पूछा जाता था कि उन्हें कितना मानदेय मिलता है, तो कई बार जवाब मिलता था कि कागजों में 9 हजार रुपये दर्ज हैं, लेकिन हाथ में सिर्फ 6 हजार रुपये ही मिलते हैं। ऐसे में बाकी की राशि कहां जाती थी, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता था।
उन्होंने यह भी साफ किया कि अब कोई आउटसोर्स कंपनी किसी कर्मचारी को मनमाने तरीके से नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। यदि किसी कर्मचारी को हटाना होगा तो संबंधित कंपनी को पहले सरकार को इसकी रिपोर्ट देनी होगी। सरकार जांच करेगी और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई संभव होगी।




