BRICS INDIA 2026: दिल्ली में इन दिनों 18वां BRICS शिखर सम्मेलन छाया हुआ है। आज से 13 सितंबर तक राजधानी में कड़ी सुरक्षा और भारी ट्रैफिक बदलाव लागू हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए और तीन दिन के दौरे पर हैं। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद पहली बार भारत आ रहे हैं।
BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में 13 और 14 सितंबर को होगा। सम्मेलन को देखते हुए आज स्कूलों में छुट्टी है।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजधानी में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि शहर पूरी तरह बंद नहीं होगा, लेकिन VVIP काफिलों के गुजरने के दौरान कुछ देर के लिए रास्ते रोके जा सकते हैं। ऐसे में दिल्ली में आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक बदलावों के चलते कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।






