अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आया किशोर, इलाज के दौरान मौत:

अखिलेश यादव के रोड शो में हादसा: गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसे में भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की जान चली गई। आरोप है कि रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। आनन-फानन में उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार बेटे को पुकारते हुए कह रहे थे, ‘वापस आ जाओ बेटा।’

घटना से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर डीएम, एसएसपी और एसपी सिटी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ।

बहन को लेने जा रहा था आर्यवर्धन:

आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल एम्स लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।

कार्रवाई और सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग:

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर समय से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की जानकारी मिलने पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई।

इस दौरान ओंकार सिंह ने रोड शो में जेसीबी शामिल कराने वाले आयोजकों और चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही झारखंडी गेट के पास सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग उठाई। डीएम ने उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद रात करीब आठ बजे परिजनों और कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज:

मामले में ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में गुरुवार को 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें जेसीबी चालक, साधू यादव उर्फ साधू भईया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश समेत 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

सीएम के निर्देश पर पीड़ित परिवार से मिले जनप्रतिनिधि:

हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

News by: Prafulla Shukla (Journalist)

  • Related Posts

    भक्तों को अच्छे दिनों में, दुर्जनों को अंतिम समय में याद आते हैं राम, अखिलेश यादव पर योगी आदित्यनाथ का तंज:
    • November 19, 2026

    उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा को लेकर उन…

    Continue reading
    डासना जेल से रिहा हुए सपा नेता आजम खान, बेटे अब्दुल्ला आजम पहुंचे थे लेने, अब रामपुर लौटेंगे:
    • November 18, 2026

    Breaking News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा कर दिया गया। जेल प्रशासन की ओर से जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *