लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मां गोमती के तट पर आयोजित छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सपा सांसद एसपी सिंह पटेल की दुर्गा पूजा को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोगों को छठ महापर्व में भेदभाव, दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा में पाखंड दिखाई देता है। ऐसे लोग भारतीय संस्कृति और समाज के दुश्मन हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने सनातन परंपरा को अपमानित करना अपना अधिकार समझ लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, सफाई और रोशनी जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश ने उपद्रव से उत्सव तक का सफर तय किया है।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लाखों लोग व्रत और उपासना में शामिल हो रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई, अतिरिक्त वेदियों की व्यवस्था, सुरक्षा और आवागमन को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास और विरासत के साथ-साथ त्योहारों का उत्साह भी देखने को मिल रहा है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)












































