उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में सभी राजनीतिक दल मैदान में उतरकर प्रचार अभियान में जुट गए हैं और जनता को लुभाने के लिए तरह-तरह के वादे कर रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को लेकर एक बड़ा संकेत दिया है। उनके बयान के बाद प्रदेश की महिलाओं के लिए किसी खास घोषणा की अटकलें तेज हो गई हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्होंने दीपोत्सव में हिस्सा लिया। रविवार को उन्होंने रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन भी किया। इस दौरान रामनगरी से सीएम योगी ने संपूर्ण सनातन हिंदू समाज को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं, प्रदेश की महिलाओं को लेकर उन्होंने एक खास घोषणा के संकेत दिए।
सीएम योगी ने कहा, उनके लिए हम एक अच्छा पैकेज लेकर आ रहे हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि हर महिला आत्मनिर्भर बनेगी, अपने पैरों पर खड़ी होगी, अपने परिवार का संबल बनेगी और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में सक्षम होगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में भी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल की तर्ज पर महिलाओं के लिए कोई विशेष योजना या आर्थिक पैकेज लाया जा सकता है।
हालांकि, अभी तक इस पैकेज के स्वरूप और इससे जुड़ी योजनाओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं की भूमिका चुनावी राजनीति में काफी अहम रही है। महिला वोटरों के मामले में भाजपा की स्थिति पहले से मजबूत मानी जाती रही है और कई चुनावों में पार्टी को पुरुषों की तुलना में महिलाओं का अधिक समर्थन मिलने की बात सामने आती रही है।
चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महिलाओं के लिए विशेष पैकेज लाने का संकेत राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)














































