यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया है, जबकि तीन जिलों के जिलाधिकारियों को हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी क्रम में सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. को महराजगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक महराजगंज के जिलाधिकारी रहे गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये तबादले किए गए हैं।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एक ही पद पर तीन वर्ष से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को बदला गया है। इस तबादला सूची में 2019 और 2020 बैच के अधिकांश अधिकारियों को शामिल किया गया है। इन अधिकारियों को नगर निगमों में अपर आयुक्त, मंडलों में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), अपर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों में एसीईओ समेत विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)













































