सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 102 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शोहरतगढ़ से अपना दल (एस) विधायक विनय वर्मा अपनी पत्नी बबीता वर्मा के साथ शामिल हुए।कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे।

विधायक विनय वर्मा रहे मौजूद
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कन्दवा स्थित जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 102 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 81 हिंदू, 10 बौद्ध और 11 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। विवाह संपन्न होने के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता के साथ गृहस्थी से संबंधित आवश्यक सामान भी उपलब्ध कराया गया।

सामूहिक विवाह समारोह (शोहरतगढ़)
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 102 जोड़ों का विवाह पारंपरिक तरीके से कराया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रदेश सरकार की यह योजना बेहद महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी के मुताबिक, प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से 64 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है, जबकि शेष धनराशि में से 21 हजार रुपये के गृहस्थी से संबंधित सामान दिए जा रहे हैं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
वहीं, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विधायक विनय वर्मा ने सभी 102 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस योजना को गरीब परिवारों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि यहां परिणय सूत्र में बंधे सभी जोड़ों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वह अपने स्तर से प्रयास करेंगे।
विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी जोड़ों को कहीं न कहीं नौकरी दिलाने की दिशा में हर संभव कोशिश की जाएगी। विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार गरीबों और किसानों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ जमीनी स्तर पर लोगों को मिल रहा है।
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist), Shohratgarh













































