उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा किनारे बसा एक गांव अपनी अनोखी पहचान बना चुका है, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का रतनगढ़ गांव पिछले 30 सालों से शांति और भाईचारे की मिसाल पेश कर रहा है, खास बात यह है कि तीन दशकों से यहां पुलिस थाने में न तो कोई शिकायत दर्ज हुई है और न ही कोई एफआईआर।
यह किसी चमत्कार से कम नहीं लगता, लेकिन असल में यह ग्रामीणों की समझदारी और आपसी सहयोग का परिणाम है। जहां देशभर के कई गांवों और कस्बों में छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़कर पुलिस तक पहुंच जाते हैं, वहीं रतनगढ़ में लोग आपस में ही समस्याओं का समाधान कर लेते हैं।
गांव में यदि कभी मतभेद होता भी है, तो बुजुर्ग पंचायत बुलाकर मामले को तुरंत सुलझा देते हैं, यही वजह है कि यह गांव आज शांति और सद्भाव का प्रतीक बन चुका है।







