मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि तथा कुछ स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से फसलों को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
बुधवार सुबह इस संबंध में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में अन्नदाता का चिंतित होना स्वाभाविक है और राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है।
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित प्रत्येक किसान एवं बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन किया जाए तथा तत्काल क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला स्तर पर राजस्व, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र सर्वेक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि राहत वितरण एवं मुआवजे में किसी प्रकार का विलंब न हो।




