समाजवादी पार्टी ने सोमवार को दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने सांसद डिंपल यादव को हिरासत में ले लिया है। डिंपल यादव, इकरा हसन और प्रिया सरोज, पार्टी के अन्य सांसदों के साथ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के समर्थन में संसद से जंतर-मंतर तक पैदल मार्च कर रही थीं।
समाजवादी पार्टी ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा, दिल्ली में छात्रों की आवाज बुलंद कर रहीं डिंपल यादव और सपा के अन्य सांसदों को हिरासत में लेना तथा छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है।

संसद परिसर के बाहर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों को पीटा जा रहा है। यह कैसी सरकार है? आप बच्चों की बात नहीं सुनना चाहते।
इससे पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने नीट पेपर लीक के विरोध में तथा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के समर्थन में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। वाराणसी (काशी) में प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।



