यूपी की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (43) ने अपने पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है। वर्तमान में वह लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। दिव्या मित्तल ने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव एसपी गोयल को भेज दिया है। रविवार सुबह उन्होंने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
उनके इस अचानक फैसले ने ब्यूरोक्रेसी में हलचल मचा दी है और हर कोई उनके इस्तीफे की वजह जानना चाहता है। 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल करीब 13 वर्षों से प्रशासनिक सेवा में थीं। उनकी नौकरी के अभी लगभग 17 साल बाकी थे, लेकिन उन्होंने अचानक इस्तीफा देने का फैसला कर लिया।
हालांकि, उन्होंने इस्तीफा देने के पीछे की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की है। चर्चा है कि पिछले करीब 4 महीनों से वह साइडलाइन चल रही थीं और फील्ड पोस्टिंग चाहती थीं। अब उनके इस्तीफे और सोशल मीडिया पर साझा की गई भावुक पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




