मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर जिले के आलमपुर गौरी, अफजलगढ़ और धामपुर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों को जमीन के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित करेंगे।
प्रदेश सरकार वंचित, शोषित और विस्थापित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें उनके अधिकार दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों 50 पूर्व सैनिकों और पट्टाधारकों को भी लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को आवंटन पत्र एवं चेक वितरित करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों को विभिन्न विकास योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।






