सिद्धार्थनगर में कथित फर्जी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, गर्भ में पल रहे बच्चे ने भी तोड़ा दम:

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश। प्रदेश में एक ओर स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक लगातार फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सिद्धार्थनगर जिले में कथित अवैध अस्पताल और इलाज में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान हुई लापरवाही के चलते गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे करीब नौ माह के बच्चे की मौत हो गई।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामला इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के खड़सरी चौराहे पर संचालित फैमिली हेल्थ केयर सेंटर का है।

फैमिली हेल्थ केयर सेंटर

जानकारी के मुताबिक, भगवतपुर निवासी गर्भवती महिला का इलाज बढ़या स्थित जानवी मेडिकल स्टोर पर चल रहा था। आरोप है कि मेडिकल स्टोर से ही महिला को फैमिली हेल्थ केयर सेंटर भेजा गया था। ऐसे में इस मामले में मेडिकल स्टोर की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

खून चढ़ाने के नाम पर 12 हजार रुपये मांगने का आरोप:

मृतका की बहन आसमा ने बताया कि उनकी बहन के शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर करीब 9 ग्राम था। जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचीं तो डॉक्टर ने खून चढ़ाने की बात कही। आरोप है कि बस्ती से खून मंगवाने के नाम पर उनसे 12 हजार रुपये की मांग की गई। आसमा के मुताबिक, अस्पताल में उनकी बहन के साथ परिवार की दो अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं, जो ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हैं। उनकी बहन को एक हाथ में खून और दूसरे हाथ में ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान इंजेक्शन लगाने के लिए उन्हें उठाकर बैठाया गया, जिसके बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

आसमा का आरोप है कि घटना के बाद डॉक्टर मौके से फरार हो गए। डॉक्टर ने परिवार को बताया कि महिला बेहोश हो गई है और उसे हार्ट अटैक आया है। मृतका की बहन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

नौवें महीने में थी गर्भवती, ऑपरेशन के लिए ले जाने के बाद बिगड़ी हालत:

मृतका के पति साहेब हुसैन ने बताया कि उनकी पत्नी का गर्भावस्था का नौवां महीना चल रहा था। डॉक्टर ने खून की कमी बताते हुए बस्ती से खून मंगवाने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने पैसे भी दिए थे। इसके बाद उनकी पत्नी को खून चढ़ाया गया और ऑपरेशन के लिए अंदर ले जाया गया। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि उनकी पत्नी बेहोश हो गई हैं। इसके बाद आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सिद्धार्थनगर जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पति का आरोप है कि अस्पताल में परिवार के लोगों को उनकी पत्नी के पास तक जाने नहीं दिया गया। साहेब हुसैन के मुताबिक, जब वे नौगढ़ पहुंचे तो जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी की मौत फैमिली हेल्थ केयर सेंटर में ही हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि उनकी कोई संतान नहीं है और अब वह पूरे मामले में इंसाफ चाहते हैं।

अस्पताल बंद मिला, स्वास्थ्य विभाग ने चस्पा किया नोटिस:

घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय फैमिली हेल्थ केयर सेंटर बंद मिला। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष अग्रहरि ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां ताला लगा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पर नोटिस चस्पा कर दिया है।नोडल अधिकारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में उन्हें कोई लिखित या मौखिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बढ़या स्थित जानवी मेडिकल स्टोर की भूमिका को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच के बाद ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल:

फिलहाल, गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था और निजी अस्पतालों में संचालित इलाज को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)

  • Related Posts

    मां को खोने का गम चेहरे पर आया नजर, अंतिम दर्शन के दौरान भावुक हुए योगी आदित्यनाथ:
    • November 20, 2026

    मां के अंतिम दर्शन करते हुए भावुक हुए सीएम योगी, पार्थिव देह के सामने कुछ देर तक खामोश खड़े रहे और एकटक निहारते रहे। मां को खोने का यह दुख…

    Continue reading
    सिद्धार्थनगर- पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला 30 वर्षीय युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप:
    • November 20, 2026

    सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश)। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के कठेला समय माता थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत तौलिहवा के कचरहिवा टोला निवासी एक युवक का शव गुरुवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *