आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ जिला कारागार में बड़ा घोटाला सामने आया है। जेल के वरिष्ठ अधीक्षक के सरकारी बैंक खाते से फर्जीवाड़ा कर 17 महीनों में 52 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई।
जानकारी के अनुसार, दहेज हत्या के मामले में बंदी रहे एक कैदी ने जेल से छूटने के बाद करीब 25 बार में फर्जी हस्ताक्षर के जरिए जेल की चेकबुक से रकम निकाली। इन अवैध रूप से निकाले गए रुपयों का उपयोग उसने अपनी बहन की शादी में किया।
मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन और बैंक प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल, पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





