नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। इनपुट के मुताबिक, दिल्ली में लाल किले के सामने आतंकी धमाका किया जा सकता है, इसके साथ ही चांदनी चौक स्थित एक मंदिर को भी आतंकी निशाना बना सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा सक्रिय है और आईईडी हमले की साजिश रच रहा है, बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के लिए यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। देश के बड़े मंदिर भी लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर बताए जा रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार, 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट में 31 लोगों की मौत हुई थी और 160 से अधिक लोग घायल हुए थे।
हालांकि, उस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी। आईएस की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि “मस्जिद के भीतरी द्वार पर पहुंचते ही आत्मघाती हमलावर ने शिया समुदाय के बीच अपनी विस्फोटक जैकेट में विस्फोट कर दिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग मारे गए और घायल हुए।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इन इनपुट्स के आधार पर सतर्क हैं और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी गई है।




