कोल्हुई (महराजगंज): कोल्हुई थाना क्षेत्र के रायपुर पंडित गांव के बाहर नहर में बुधवार को 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरवा निवासी अमरजीत (35 वर्ष) पुत्र बैजनाथ के रूप में हुई।
पत्नी के मायके आने की बात सामने आई: मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की ससुराल रायपुर पंडित गांव में है। मृतक की पत्नी सोनी ने बताया कि उनके पति शराब के आदी थे और अक्सर शराब के नशे में विवाद करते थे। करीब एक माह पहले वह परेशान होकर अपने मायके रायपुर पंडित चली आई थी। गुरुवार की रात भी अमरजीत शराब के नशे में ससुराल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिजनों और ग्रामीणों के समझाने पर वह वहां से चला गया था।
शव मिलने से पहले मिली थी लावारिस बाइक: बताया गया कि शव मिलने से कुछ समय पहले नहर की पुलिया पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। पुरंदरपुर पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। जांच के दौरान बाइक मृतक अमरजीत की निकली। इसके कुछ ही समय बाद नहर में अमरजीत का शव मिलने से पूरे मामले को लेकर हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसओ कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Reported by: Shant Vijay Pandey, Reporter (Kolhui)





