दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में पहलगाम जैसा आतंकी हमला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे और छत्तीसगढ़ के दो हिंदू मजदूरों को समूह से अलग कर गोली मार दी। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले से पहले आतंकवादियों ने इलाके की रेकी की थी और उसी के बाद इस स्थान को निशाना बनाया।
घटना के समय ईंट-भट्ठे पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू समुदाय से केवल यही दोनों मजदूर वहां कार्यरत थे। आतंकी हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।




