उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रवक्ता शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अहंकारी बताया और उनकी तुलना महाभारत के कौरवों से कर दी।
शादाब चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, महाभारत में पांडवों ने कौरवों से 5 गांव मांगा था लेकिन दुर्योधन ने अंधी महत्वाकांक्षा और अहंकार के कारण मना कर दिया उसके बाद 18 दिन कुरुक्षेत्र में युद्ध हुआ और 5 पांडव विजय हुए व 100 कौरव हारकर बर्बाद हो गए जिनकी बर्बादी का बड़ा कारण दुर्योधन का अहंकार था।
उसी प्रकार आज हम अपने आबादी के अनुपात में ससम्मान अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी मांग रहे हैं तो अखिलेश यादव जी अहंकार में नकार रहे हैं और आज के दुर्योधन का किरदार निभा रहे हैं तो याद रखिए वही हाल आपका होगा क्योंकि आप में अकेले भाजपा को हराने की हिम्मत नहीं है।




