उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मेरठ और सहारनपुर में कई संगठनात्मक बैठकों और सम्मेलनों में शामिल होंगे।
21 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ पहुंचेंगे। यहां वह युवा सम्मेलन और पश्चिमी क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे। दौरे के पहले दिन नितिन नवीन सबसे पहले इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं पार्क पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती यूनिवर्सिटी के मंगल्य में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
युवा सम्मेलन में नितिन नवीन युवाओं से अपनी शक्ति का सही प्रयोग करने का आह्वान करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे वह इसी कैंपस में आयोजित ‘शक्ति केंद्र सम्मेलन (पश्चिमी क्षेत्र)’ को संबोधित करेंगे। इसके बाद नितिन नवीन पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
इन बैठकों के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी। वहीं, 22 सितंबर को नितिन नवीन सहारनपुर जाएंगे। यहां वह पार्टी के विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नितिन नवीन ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख मंदिरों का दौरा भी करेंगे।






