बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 9 में जल निकासी की समस्या दूर करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नाली का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रों के साथ नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने स्पष्ट कहा कि नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 9 में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। खासकर बरसात के दिनों में जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रस्तावित नाली का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।
नगर अध्यक्ष ने कहा कि आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिया कि नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इस अवसर पर सभासद प्रद्युम्न सिंह, शिवप्रसाद चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, विनोद तिवारी, अनिल मणि, राजन चौरसिया, सनी रैना, तौलन चौरसिया सहित वार्ड के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।


















































