उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में एक नए गठबंधन ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।
असदुद्दीन ओवैसी लंबे समय से यूपी की राजनीति में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक तक सीमित रखने का आरोप लगाते रहे हैं। उनका कहना रहा है कि इन दलों ने मुसलमानों को राजनीतिक हिस्सेदारी देने के बजाय चुनावों में केवल दरी बिछाने की भूमिका में रखा। अब 2027 के चुनाव से पहले ओवैसी ने ऐलान किया है कि इस बार ‘अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि प्रदेश की सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
हालांकि, इस गठबंधन के ऐलान के बाद ओवैसी खुद विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। समाजवादी पार्टी और AIMIM के आलोचक सवाल उठा रहे हैं कि अगर मुस्लिम समाज को राजनीतिक नेतृत्व और सत्ता में हिस्सेदारी दिलाना ही मकसद है, तो गठबंधन में मुख्यमंत्री पद का चेहरा किसी मुस्लिम नेता को क्यों नहीं बनाया गया? आलोचकों का तर्क है कि जिस ‘दरी बिछाने’ की राजनीति के खिलाफ ओवैसी आवाज उठाते रहे हैं, क्या इस गठबंधन में भी मुस्लिमों की भूमिका कुछ ऐसी ही रहने वाली है?
भारतीय जनता पार्टी से लेकर समाजवादी पार्टी तक, इस फैसले को लेकर ओवैसी पर सवाल उठा रही हैं। दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के जरिए मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक साथ लाने की रणनीति बनाई है। ये दोनों ही वर्ग समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण के महत्वपूर्ण आधार माने जाते हैं। ऐसे में नए मोर्चे को सपा के राजनीतिक समीकरण के सामने एक नई चुनौती के रूप में भी देखा जा रहा है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस नए गठबंधन को लेकर फिलहाल बेफिक्र नजर आ रहे हैं। उनका दावा है कि यह मोर्चा समाजवादी पार्टी के बजाय भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाएगा और उसके 2 से 3 प्रतिशत वोट काटेगा। अखिलेश यादव ने अपने मौजूदा गठबंधन का विस्तार करने से भी इनकार कर दिया है।
हालांकि, वह इस नए मोर्चे पर तंज कसने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं और उनका कहना है कि ओवैसी के गठबंधन को कोई खास तवज्जो नहीं दे रहा है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)
















































