नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय महामंत्रियों को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी सौंप दी है। पार्टी ने संगठन और चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए दिग्गजों के साथ युवा चेहरों पर भी भरोसा जताया है।
बीजेपी की नई व्यवस्था में स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, राम माधव और अनिल एंटनी समेत छह प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों का प्रभार दिया गया है। इन नेताओं को महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही संगठन में उनकी भूमिका भी अहम हो गई है। पार्टी ने ऐसे नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी दी है, जिनके पास संगठनात्मक और क्षेत्रीय स्तर पर काम करने का अनुभव रहा है।
राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सतीश पूनिया को पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। इसी क्रम में राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की कमान दी गई है। वहीं सुनील बंसल को पहले की तरह पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभारी बनाए रखा गया है। इसके अलावा अनिल एंटनी को नागालैंड का प्रभारी और गोवा का सह-प्रभारी बनाया गया है।
बीजेपी के संगठनात्मक बदलाव में चुनावी राज्यों पर भी विशेष फोकस नजर आ रहा है। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इन राज्यों की जिम्मेदारी सौंपे जाने को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।





