उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बहस एक बार फिर तेज हो गई है। देवरिया के सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज में आयोजित ‘सामाजिक समरसता महारैली’ में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया।
मंच से बोलते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश का चार हिस्सों में बंटना तय है। उन्होंने कहा कि जिस दिन पूर्वांचल को अलग राज्य बनाया जाएगा, उस दिन पूर्वांचल का पहला मुख्यमंत्री राजभर का बेटा ही बनेगा। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा कि पूर्वांचल में बड़ी आबादी है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। उन्होंने कहा कि एक न एक दिन प्रदेश का बंटवारा होना ही है—चाहे आज हो, कल हो या परसों।
उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा, तो पूर्वांचल में आबादी की स्थिति को देखते हुए और अंबेडकर नगर का जिक्र करते हुए, जिस भी दल के साथ गठबंधन होगा, उसमें यह तय होगा कि पूर्वांचल का पहला मुख्यमंत्री राजभर का बेटा ही होगा।




