बृजमनगंज, महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी जनपद महराजगंज के नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी का पहली बार बृजमनगंज की धरती पर आगमन हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम फरेंदा विधानसभा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी के बृजमनगंज पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह एवं नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। स्वागत कार्यक्रम के बाद जिला प्रभारी बृजमनगंज ब्लॉक परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का मंत्र दिया।

नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि बृजमनगंज हमेशा से भाजपा का गढ़ रहा है और यहां के कार्यकर्ता निष्ठावान हैं। सभी कार्यकर्ता 2027 के लक्ष्य को लेकर अभी से जुट जाएं। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए सभी कार्यकर्ता मजबूती से कार्य करें।
पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि जिला प्रभारी के रूप में एक कर्मठ और अनुभवी नेतृत्व हमें मिला है। उनके आने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा। वहीं, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि जिला प्रभारी का बृजमनगंज की धरती पर प्रथम आगमन हमारे लिए गर्व की बात है। हम सभी कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में पार्टी को और ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
इस अवसर पर बीडीओ राजकुमार, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, ब्लॉक प्रमुख उदयराज, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, नौतनवा प्रत्याशी समीर त्रिपाठी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मधु सिंह, सभासद जेपी गौड़, मनोज जायसवाल, झिनक विश्वकर्मा, काजू कन्नौजिया, राजन चौरसिया, आशीष जायसवाल, अनिल मणि, सनी रैना, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





