बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बीते एक सप्ताह से नगर पंचायत स्थित ठाकुर द्वारा पोखरे एवं शिवालय पोखरे पर छठ घाटों की साफ-सफाई, चूना पुताई और वेदी निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इन दोनों पोखरों पर प्रत्येक वर्ष सैकड़ों की संख्या में व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने दोनों छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि नगर पंचायत के दोनों छठ घाटों पर बेहतर साफ-सफाई के साथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराई गई है।
आयोजन की निगरानी के लिए LED स्क्रीन लगाई गई है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी नगर पंचायतों को छठ पूजा का आयोजन बेहतर ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा गया है।
इस अवसर पर उन्होंने समस्त नगरवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। वहीं, अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक होते हैं। श्रद्धालु महिलाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थलों पर चेंजिंग रूम, शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। हमारा प्रयास है कि छठ महापर्व का यह आयोजन भव्यता के साथ सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, तौलन चौरसिया, सनी रैना, अनिल मणि, राजन चौरसिया, नगर कर्मचारी कासिम, सागर कन्नौजिया, दीपक विश्वकर्मा सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे।
News by: Rk Tripathi (Journalist)













































