बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की शाम व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की आराधना की। इस दौरान ठाकुरद्वारा पोखरा, शिव पोखरा और उसका रोड स्थित साहब पोखरा समेत नगर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़
आकर्षक सजावट से सभी घाट दुल्हन की तरह सजे नजर आए।बताते चलें कि शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ खरना की पूजा संपन्न की थी। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए पूजा स्थल पर चूल्हा स्थापित किया गया और अक्षत, धूप, दीप एवं सिंदूर से पूजन किया गया। इसके बाद आटे की रोटी और साठी के चावल की खीर (रसियाव-रोटी) का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया गया।
इसी के साथ व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। रविवार की शाम व्रती महिलाएं पारंपरिक सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री लेकर छठ घाटों पर पहुंचीं। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह एवं नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल मौजूद रहे
इस अवसर पर फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल भी विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया और छठी मैया का आशीर्वाद लिया। वहीं, नगर पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं के लिए घाट पर जागरण कार्यक्रम और ठहरने की व्यवस्था भी की गई थी।

घाट पर स्थापित छठी मैया की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की भोर में व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।

इसी के साथ छठ महापर्व की पूर्णाहुति होगी और छठी मैया की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। पूरे आयोजन के दौरान बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
News by: Rk Tripathi (Journalist)












































