सपा-कांग्रेस गठबंधन: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस और सपा के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर बैठक की। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे और गठबंधन को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद दोनों ही दलों की ओर से सकारात्मक संकेत मिले।
नेताओं ने साफ कहा कि गठबंधन तय है और सीटों को लेकर बातचीत जल्द पूरी कर ली जाएगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दोनों दलों के बीच आपसी भरोसा कायम है और गठबंधन को लेकर कोई संशय नहीं है। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से बातचीत की अगुवाई कर रहे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में बातचीत पूरी हो जाएगी। इसके बाद गठबंधन को लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
बैठक में कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद समेत कई नेता मौजूद रहे। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, सांसद राजीव राय, सांसद इकरा हसन और सांसद श्याम लाल पाल ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा, बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक हुई। एक-दूसरे की बात को सुना। हम लोग शीघ्र ही इस गठबंधन को आखिर तक पूरा करके जल्द ही आपको बताएंगे। दो-तीन दिन में इसे हम पूरा कर लेंगे। दूसरी बैठक कल होगी।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं। उन्होंने बताया कि दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच पहले से ही बातचीत चल रही थी और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा, हम लोगों ने आपस में बात की। दोनों ने अपनी-अपनी बात रखी। हमारी लीडरशिप के बीच पहले भी बातचीत हो रही थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर विश्वास करते हैं। कल हम फिर साथ बैठेंगे। 3-4 दिन में सारी चीजें तय हो जाएंगी।
अगली बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने के सवाल पर आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा जारी है। ऐसे में अगली बैठक और अगले दो-तीन दिनों में होने वाली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हैं।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)
















































