यूपी चुनाव 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। एक ओर सत्ताधारी NDA है तो दूसरी तरफ विपक्षी INDIA गठबंधन अपनी रणनीति तैयार कर रहा है। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक बार फिर यूपी की राजनीति में तीसरा मोर्चा खड़ा करने की कोशिश में जुट गए हैं। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाएं तलाशने के बाद अब उनकी नजर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) पर है।
हालांकि, उत्तर प्रदेश में तीसरा मोर्चा बनाने की ओवैसी की यह पहली कोशिश नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने ऐसी ही पहल की थी। उस समय ओम प्रकाश राजभर और चंद्रशेखर आजाद जैसे नेता उनके साथ नजर आए थे, लेकिन चुनाव से पहले ही यह सियासी समीकरण बिखर गया। ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) ने समाजवादी पार्टी के साथ हाथ मिला लिया था।
ओवैसी ने यूपी के अलावा दूसरे राज्यों में भी अलग-अलग दलों के साथ गठबंधन कर सियासी ताकत बढ़ाने की कोशिश की है, लेकिन ज्यादातर मौकों पर उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। जहां कुछ कामयाबी मिली भी, वहां गठबंधन लंबे समय तक कायम नहीं रह सका। ओवैसी की पार्टी में रह चुके आसिम वकार ने भी कांग्रेस में शामिल होने के दौरान उनके गठबंधन प्रयासों और सियासी रणनीति पर सवाल उठाए थे।
चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन की तैयारी, 12 नवंबर को हो सकता है ऐलानइस:
असदुद्दीन ओवैसी की नजर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ गठबंधन पर टिकी है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों दलों के बीच बातचीत में सहमति बन चुकी है और 12 नवंबर यानी गुरुवार को गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। इस संभावित गठबंधन के जरिए दलित और मुस्लिम वोटरों को एक साथ साधने की रणनीति मानी जा रही है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी यूपी में तीसरे मोर्चे को मजबूत विकल्प बना पाएगी? या फिर पिछले गठबंधनों की तरह इस बार भी यह सियासी प्रयोग ज्यादा दूर नहीं जा पाएगा? इसे समझने के लिए ओवैसी के पुराने गठबंधनों के राजनीतिक नतीजों पर नजर डालना जरूरी है।
2022 में चुनाव से पहले ही टूट गया था तीसरे मोर्चे का समीकरण:
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने तीसरा मोर्चा बनाने की कवायद शुरू की थी। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद और ओम प्रकाश राजभर भी उनके साथ नजर आए थे। साल 2021 में बने ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ में इन तीनों नेताओं के दलों के साथ कई छोटे राजनीतिक दल भी शामिल हुए थे। उस समय माना जा रहा था कि यह मोर्चा प्रदेश की राजनीति में NDA और सपा के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के सामने एक मजबूत तीसरा विकल्प बन सकता है।
लेकिन चुनाव से पहले ही इस मोर्चे की एकजुटता टूट गई। ओम प्रकाश राजभर की पार्टी SBSP ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर लिया, जिसके बाद तीसरे मोर्चे की पूरी रणनीति को झटका लगा।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)













































