सिद्धार्थनगर, यूपी। शासन के निर्देश पर रविवार शाम 6 बजे सिद्धार्थनगर जिले के माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लैक आउट के साथ रेड मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसएसबी के जवानों और एनसीसी कैडेट्स ने भी हिस्सा लिया।

ब्लैक आउट के साथ रेड मॉकड्रिल का आयोजन
मॉकड्रिल के माध्यम से मौके पर मौजूद लोगों को यह जानकारी दी गई कि यदि कभी किसी तरह का हमला होता है या कोई आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो आम नागरिकों को अपनी सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाने चाहिए और ऐसी परिस्थितियों से कैसे निपटना चाहिए।
इस संबंध में एडीएम न्यायिक ज्ञान प्रकाश ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों में शाम 6 बजे ब्लैक आउट के साथ रेड मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसी क्रम में सिद्धार्थनगर जिले के माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज परिसर में भी इसका आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि किसी दूसरे देश द्वारा हमला किए जाने या इस तरह की किसी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर आम नागरिक घबराने के बजाय अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा सकें। इसके लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में आपात स्थिति जैसा दृश्य तैयार किया गया, जहां संबंधित विभागों की टीमों ने मॉकड्रिल के जरिए लोगों को बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
एडीएम न्यायिक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में लोग अपने घरों के अंदर ही रहें और घर की सभी लाइटें बंद कर दें। साथ ही गैस सिलेंडर भी बंद रखें और किसी भी स्थिति में घर से बाहर न निकलें। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
News: by Vishnu Jaiswal (Journalist)
















































